Phalsund News: फलसुंड गांव में किराए पर मकान लेकर निवास कर रहे एक शारीरिक शिक्षक (PTI) गुरुवार को मृत (Dead) हालात में मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सीकर जिलांतर्गत कोलीड़ा गांव के वार्ड संख्या दो का निवासी महेशकुमार (25) पुत्र दुर्गदत्त जाट फलसुंड गांव में किराए के मकान में रहता था। वह पदमपुरा ग्राम पंचायत के सियागों की ढाणी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत था।
गुरुवार को सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कोई आवाज नहीं आने पर मकान मालिक को संदेह हुआ उसने पुलिस को सूचना दी। फलसुंड थानाधिकारी देवकिशन मय जाब्ता तत्काल मौके पर पहुंचे उन्होंने भी काफी देर तक दरवाजा बजाया कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोडा गया। अंदर पीटीआई मृत हालत में बिस्तर पर पड़ा था तथा आसपास खून बिखरा हुआ था तथा उसके शरीर व मुंह पर भी खून लगा हुआ था।
पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिया तथा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस संबंध में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा भी फलसूण्ड पहुंचे और मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीकर निवासी शारीरिक शिक्षक महेशकुमार ने गत नौ दिसंबर 2019 को पदमपुरा के राउप्रावि सियागों की ढाणी में कार्यभार ग्रहण किया था। यह उसकी प्रथम नियुक्ति थी। गत 22 मार्च को लॉकडाउन हो जाने के बाद पदमपुरा के कई विद्यालयों को क्वारेंटीन सेंटर बनाया गया था। महेश कुमार की भी पदमपुरा में ड्यूटी लगी हुई थी। गत 18 अप्रेल तक उसने ड्यूटी की। इसके बाद उसे कार्यमुक्त कर दिया गया था। लॉकडाउन के कारण वह गांव नहीं जा पाया और फलसूण्ड में ही रह रहा था।